छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सक्ती में श्रमिकों की बड़ी सौगात! 734 हितग्राहियों के खातों में पहुंचे 1.25 करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर श्रम विभाग ने सक्ती जिले में भव्य श्रमिक सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत बड़ी आर्थिक सहायता दी गई। कार्यक्रम के दौरान कुल 734 हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1 करोड़ 25 लाख 39 हजार 500 रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए। हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से डमी चेक भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. रामप्रताप सिंह रहे। उन्होंने कहा कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए मंडल द्वारा 31 प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने श्रमिकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

सक्ती जिले के बाराद्वार में आयोजित सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, नौनीहाल छात्रवृत्ति और मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आर्थिक मदद प्रदान की गई।

सम्मेलन में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। अटल उत्कृष्ट योजना सत्र 2026-27 के तहत चयनित पांच विद्यार्थियों के साथ टॉप-10 में स्थान बनाने वाले मेधावी विद्यार्थियों के माता-पिता को मंच पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में श्रमिकों को विभागीय योजनाओं की पात्रता, पंजीयन प्रक्रिया और उनके अधिकारों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर सक्ती कलेक्टर जयश्री जैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, पूर्व विधायक खिलावन साहू सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button