17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, ओपी चौधरी ने अधिकारियों को दिया जनभागीदारी बढ़ाने का मंत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा, नेतृत्व और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ समाज के हर वर्ग को जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की प्रशासनिक बैठक ली। बैठक में अभियान की कार्ययोजना, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, विभागीय जिम्मेदारियों और प्रस्तावित गतिविधियों की समीक्षा की गई।
ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा केवल एक राजनीतिक सफर नहीं, बल्कि जनसेवा, नेतृत्व और भारत की क्षमता में विश्वास की एक लंबी कहानी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की हर गतिविधि को ग्राम, वार्ड, विकासखंड और जिला स्तर तक अधिकतम जनभागीदारी के साथ पहुंचाया जाए।
17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत परिवारों को दीप प्रज्वलन से जोड़ते हुए 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश दिया जाएगा। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ेंगी।
बच्चों से लेकर महिलाओं और युवाओं तक विशेष कार्यक्रम
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, ‘नमो सेवा गाथा’ के जरिए नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और बदलाव की कहानियां गांव-गांव तक पहुंचाई जाएंगी।
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगा, जिसमें माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
अभियान के तहत ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष फोकस रहेगा।
बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।




