‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाएंगे बस्तर से दुर्ग तक के जिले, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने तैयारियों की ली समीक्षा

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपने प्रभार वाले जिलों बस्तर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और दुर्ग में आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संबंधित जिलों के विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, नोडल अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
विजय शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन की संध्या पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जिला और संभाग मुख्यालयों में सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनभागीदारी, सामाजिक समरसता और सेवा-संकल्प की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
जनप्रतिनिधियों के साथ तय होगा आयोजन स्थल
उप मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थान का चयन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर किया जाए। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल ऐसा होना चाहिए, जहां अधिक से अधिक नागरिक आसानी से शामिल हो सकें और कार्यक्रम गरिमापूर्ण व सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।
नगरीय निकायों और विकासखंडों में भी जलेंगे दीप
विजय शर्मा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को केवल जिला मुख्यालयों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। सभी जिलों के नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में भी एक निर्धारित स्थान पर सामूहिक दीप प्रज्वलन किया जाए।
उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, नागरिकों और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने पर जोर दिया।
सामाजिक संगठनों की भागीदारी पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज और प्रशासन के बीच सहभागिता और सेवा भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को अभियान से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान विजय शर्मा ने जिलावार तैयारियों की जानकारी ली और आयोजन को सफल, व्यवस्थित तथा जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



