छत्तीसगढ़ के शहरों का भविष्य अब इन 21 युवा अधिकारियों के हाथ! नियुक्ति पत्र बांटकर CM विष्णु देव साय ने दिया बड़ा संदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को नई और सुनियोजित दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि शहरों का विकास केवल आज की जरूरतों को देखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है। छत्तीसगढ़ गठन के बाद 25 वर्षों में जहां कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, वहीं अब एक साथ 21 युवा अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से शहरीकरण बढ़ रहा है। शहरों की सीमाएं लगातार फैल रही हैं और नई बसाहटें विकसित हो रही हैं। ऐसे में भविष्य को ध्यान में रखकर आवास, सड़क, परिवहन, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं और व्यावसायिक क्षेत्रों की वैज्ञानिक योजना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शे बनाने तक सीमित काम नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध लोगों की जीवनशैली और शहरों के भविष्य से है। एक बेहतर योजना अनियोजित विकास को रोकने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने अधिकारियों को जनहित, ईमानदारी और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा जनता की सेवा का माध्यम है और अधिकारियों के फैसलों का सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दे चुकी है। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक और बिजली विभाग में 1200 से ज्यादा नियुक्तियां की गई हैं।
वित्त एवं आवास तथा पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया से चयनित अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी कार्यशैली में भी इसी पारदर्शिता को बनाए रखें। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों की ऊर्जा और आधुनिक सोच प्रदेश के विकास को नई गति देगी।
कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन उपस्थित रहे।




