छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, रामविचार नेताम ने कहा—गांव से शहर तक बने मजबूत जनभागीदारी का माहौल

जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले “सेवा संकल्प अभियान” को व्यापक और प्रभावी बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने अभियान की तैयारियों को लेकर वर्चुअल बैठक ली और अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल जिला स्तर तक सीमित न रखते हुए नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक व्यापक रूप से पहुंचाया जाए। अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, सहभागिता और जनभागीदारी को मजबूत करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना है।

रामविचार नेताम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान के कार्यक्रमों को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया। त्योहारों के दौरान भी अलग से समन्वय बनाकर कार्यक्रमों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने बताया कि 17 सितम्बर को “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम के तहत जमीनी स्तर पर और घर-घर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों में “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं “नमो सेवा गाथा” के तहत गांवों, नगरों और विभिन्न संस्थानों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनसेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश पहुंचाया जाएगा।

25 सितम्बर को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में “आंगन का उत्सव” आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों के वजन, टीकाकरण, स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां होंगी। वहीं “कहानी का बदलाव” कार्यक्रम के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन और जनभागीदारी से जुड़ी प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाएगा।

अभियान के दौरान विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति अभियान, सेवा मेरा योगदान और सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों और संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है।

अभियान के तहत “रंगोली राष्ट्र”, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और विभिन्न कार्यशालाओं का भी आयोजन होगा। 17 अक्टूबर को अभियान का समापन “जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट” के आयोजन के साथ किया जाएगा।

बैठक में प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सेवा संकल्प अभियान की सफलता के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी कर अभियान को गांव से जिला स्तर तक सफल बनाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button