सालों का सपना हुआ साकार, रामलला के दरबार पहुंचा डोमन-पार्वती का दंपती

कबीरधाम जिले के ग्राम बबई निवासी डोमन साहू और उनकी पत्नी पार्वती साहू के लिए अयोध्या धाम की यात्रा सिर्फ एक तीर्थयात्रा नहीं, बल्कि वर्षों से मन में बसे एक सपने के पूरा होने का भावुक अवसर बन गई। छत्तीसगढ़ शासन की श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के माध्यम से दोनों को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने का अवसर मिला।
डोमन साहू बताते हैं कि लंबे समय से उनके मन में प्रभु राम के दर्शन की इच्छा थी, लेकिन आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अयोध्या जाना संभव नहीं हो पा रहा था। शासन की योजना ने उनकी यह मुश्किल आसान कर दी। पत्नी के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन का अनुभव उनके लिए बेहद भावुक और यादगार रहा।
यात्रा के दौरान दंपती ने काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन भी किए। श्रद्धालुओं को कवर्धा से दुर्ग रेलवे स्टेशन तक निःशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके बाद विशेष ट्रेन से उन्हें काशी और अयोध्या धाम ले जाया गया। यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ता और चाय के साथ स्वास्थ्य सुविधा के लिए चिकित्सकीय दल की व्यवस्था भी की गई।
डोमन साहू ने कहा कि वर्षों से जिस क्षण का इंतजार था, वह पत्नी के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन के साथ पूरा हो गया। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।
22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद देशभर से श्रद्धालु लगातार अयोध्या पहुंच रहे हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ की यह योजना श्रद्धालुओं को यात्रा की सुविधाओं से जोड़ते हुए उनके तीर्थदर्शन के सपने को पूरा करने का माध्यम बन रही है।
डोमन और पार्वती साहू के लिए यह यात्रा अब जीवन की ऐसी याद बन गई है, जिसे वे लंबे समय तक संजोकर रखेंगे। रामलला के दर्शन के साथ उनके वर्षों पुराने संकल्प को भी पूर्णता मिली।




