छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायपुर संभाग का जलवा! 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन, बलौदाबाजार में डाइट खोलने का ऐलान

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। पांचों शैक्षणिक संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर शानदार मार्च पास्ट किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

समारोह के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की बड़ी घोषणा भी की।

खेलों से शारीरिक विकास के साथ मिलती है संस्कृति की समझ

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों को अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन को करीब से जानने का अवसर भी मिलता है।

उन्होंने कहा कि 22 जुलाई से 31 अक्टूबर तक चलने वाली इस खेल स्पर्धा का उद्देश्य बच्चों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों की संस्कृति से परिचित कराना भी है। उन्होंने खिलाड़ियों को हार और जीत से सीख लेने की सलाह देते हुए कहा कि हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए।

मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खेलों में शामिल कराया गया कुराश खेल भी इसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तहत बलौदाबाजार में आयोजित किया गया।

इन खेलों में रहा संभागों का दबदबा

रग्बी 14 वर्ष: बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग प्रथम, बस्तर द्वितीय और दुर्ग संभाग तृतीय स्थान पर रहा।

नेटबॉल 19 वर्ष: बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग ने पहला स्थान हासिल किया। बिलासपुर दूसरे और दुर्ग संभाग तीसरे स्थान पर रहा।

कुराश में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

14 वर्ष बालक वर्ग: दुर्ग प्रथम, सरगुजा द्वितीय और रायपुर तृतीय।
14 वर्ष बालिका वर्ग: रायपुर प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग तृतीय।

17 वर्ष बालक वर्ग: रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय।
17 वर्ष बालिका वर्ग: दुर्ग प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय।

19 वर्ष बालक वर्ग: रायपुर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय।
19 वर्ष बालिका वर्ग: बिलासपुर प्रथम, दुर्ग द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहु, कलेक्टर, एसपी आनंद यादव, राकेश ध्रुव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में उपस्थित लोग शामिल हुए।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button