पहाड़ों पर हरियाली का मिशन! 5 हजार सीड बॉल से बदलेगा छुहीपाली का नजारा

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पर्यावरण संरक्षण और जल-मृदा संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे सीड बॉल अभियान को उस समय नई गति मिली, जब राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने खुद अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम छुहीपाली के पठारी क्षेत्र में 5 हजार सीड बॉल का बीजारोपण किया। इसके साथ ही नवनिर्मित डबरी की मेड़ पर 30 पौधे भी लगाए।
सीड बॉल अभियान के तहत मिट्टी, खाद और बीज को मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां तैयार की जाती हैं। इन्हें सूखाने के बाद खाली, दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में डाला जाता है। बारिश होने पर मिट्टी घुलती है और बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप लेते हैं। इससे वन क्षेत्र बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलती है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की वीबीजीरामजी योजना और बिहान समूह की महिलाओं के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
मृदा और जल संरक्षण के साथ रोजगार पर जोर
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भू-जल स्तर को बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। छुहीपाली के पहाड़ी क्षेत्र में सीड बॉल बीजारोपण और स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण जल एवं मृदा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से बारिश के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
महिलाओं और बच्चों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय महिलाओं से बातचीत कर महतारी वंदन योजना की राशि के नियमित भुगतान की जानकारी ली। महिलाओं ने योजना का लाभ मिलने पर संतोष जताया। मंत्री ने बच्चों से भी उनके नाम, पढ़ाई और स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
2,400 ट्रेंच से पानी और मिट्टी बचाने की कवायद
ग्राम पंचायत छुहीपाली के दो हेक्टेयर पहाड़ी ढलान क्षेत्र में 5.60 लाख रुपये की लागत से स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच बनाए जा रहे हैं। अब तक यहां 2,400 ट्रेंच तैयार किए जा चुके हैं। इनका उद्देश्य पहाड़ से तेजी से बहने वाले पानी की रफ्तार को कम करना, भू-जल स्तर बढ़ाना और मिट्टी के कटाव को रोकना है।
पहाड़ी क्षेत्र में पानी को संरक्षित करने के लिए एक नए तालाब का निर्माण भी पूरा किया गया है। इससे क्षेत्र में जल संकट कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक केरबाई मनहर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, बिहान समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



