GeM अवॉर्ड से छत्तीसगढ़ का बढ़ा मान, सरकारी खरीदी में ₹130 करोड़ की बचत

छत्तीसगढ़ ने सरकारी खरीदी में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा और डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली में आयोजित Government e-Marketplace (GeM) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ को ‘GeM Sustainable Procurement Award’ से सम्मानित किया गया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राज्य को यह सम्मान प्रदान किया गया।
GeM के एक दशक पूरे होने पर आयोजित समारोह की थीम ‘GeM 10: A Decade of Exponential Possibilities’ रही। राज्य सरकारों के लिए निर्धारित ‘Premier Awards – State Government Felicitation’ श्रेणी में छत्तीसगढ़ को GeM के प्रभावी उपयोग और शासकीय खरीदी के मूल्य एवं मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए यह पुरस्कार मिला।
GeM से ₹130 करोड़ की बचत
GeM के जरिए खुली और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया का सीधा फायदा राज्य सरकार को मिला है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ शासन ने GeM के माध्यम से खरीदी में करीब ₹130 करोड़ की बचत की। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में प्रतिस्पर्धी खरीदी के जरिए राज्य को कुल ₹235 करोड़ की बचत हुई है।
GeM की खुली बोली प्रक्रिया, मानकीकृत तकनीकी विनिर्देश और डिजिटल एवं ऑडिट योग्य रिकॉर्ड ने सरकारी खरीदी में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा को मजबूत किया है। खरीदी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में जांच और निगरानी की व्यवस्था लागू है।
GeM से खरीदी में 113 प्रतिशत उछाल
छत्तीसगढ़ में GeM के माध्यम से सरकारी खरीदी वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर ₹3,935 करोड़ पहुंच गई। यह पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले 113 प्रतिशत की वृद्धि है। विभागों, निगमों और स्थानीय निकायों की खरीदी को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने से प्रतिस्पर्धी दरों और पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है।
छोटे कारोबारियों को मिला बड़ा बाजार
GeM के बढ़ते इस्तेमाल से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों की भागीदारी भी तेजी से बढ़ी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में MSEs से खरीदी 61 प्रतिशत बढ़कर ₹1,800 करोड़ हो गई। यह निर्धारित 25 प्रतिशत खरीद लक्ष्य से काफी अधिक है।
महिला उद्यमियों से खरीदी में 97 प्रतिशत, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों से खरीदी में 108 प्रतिशत और स्टार्टअप से खरीदी में 178 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री साय ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि GeM ने छत्तीसगढ़ के उद्यमियों को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे सरकारी मांग और बाजार से जुड़ने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग और स्टार्टअप की बढ़ती भागीदारी पारदर्शी व्यवस्था की सफलता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य GeM व्यवस्था का लाभ अधिक से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों, महिला उद्यमियों, अनुसूचित जाति-जनजाति के उद्यमियों और स्टार्टअप तक पहुंचाना है। पारदर्शी सरकारी खरीदी के साथ स्थानीय उद्यमिता को मजबूत करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में प्रयास जारी हैं।




