छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायपुर से अमित शाह ने दी ‘नेक्स्ट जेन डायल 112’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी, छत्तीसगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था हुई हाईटेक

रायपुर। Amit Shah ने रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में छत्तीसगढ़ की अत्याधुनिक डायल 112 आपातकालीन सेवा और मोबाइल फॉरेंसिक वैन के नए बेड़े को रवाना किया। इस अवसर पर Vishnu Deo Sai, Vijay Sharma और Raman Singh मौजूद रहे।

राज्य में 2018 से संचालित डायल 112 सेवा को अब सभी 33 जिलों तक विस्तार दिया गया है। पहले यह सुविधा केवल 16 जिलों तक सीमित थी। नई व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग तकनीक जोड़ी गई है, जिससे संकट में फंसे व्यक्ति की सटीक स्थिति तुरंत पता लगाई जा सकेगी।

सेवा की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए सिविल लाइंस रायपुर के मुख्य कंट्रोल रूम के साथ नया रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में बैकअप कंट्रोल सेंटर भी शुरू किया गया है। किसी तकनीकी समस्या या आपदा की स्थिति में यह केंद्र स्वतः सक्रिय होकर सेवा जारी रखेगा।

आज कुल 400 आधुनिक आपातकालीन वाहन, 33 विशेष निगरानी वाहन और 60 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन राज्य के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किए गए। अब नागरिक फोन कॉल के अलावा 112 इंडिया ऐप, एसएमएस, ईमेल, वेब अनुरोध और सोशल मीडिया के जरिए भी मदद मांग सकेंगे। महिला सुरक्षा के लिए पैनिक बटन और विशेष निगरानी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

वैज्ञानिक जांच को मजबूत करने के लिए राज्य के 33 जिलों के लिए मोबाइल फॉरेंसिक लैब तैयार की गई हैं। इनमें से 32 फॉरेंसिक वैन को आज मैदानी कार्य के लिए रवाना किया गया। ये वैन रक्त परीक्षण किट, डिजिटल साक्ष्य संग्रह उपकरण, सीसीटीवी डेटा एक्सट्रैक्शन सिस्टम, जीपीएस, लैपटॉप, जनरेटर और नाइट विजन कैमरों से लैस हैं।

इन मोबाइल लैब्स की मदद से विशेषज्ञ घटनास्थल पर तुरंत पहुंचकर जैविक और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कर सकेंगे। इससे जांच की गुणवत्ता बढ़ेगी और अदालत में मजबूत साक्ष्य पेश करने में मदद मिलेगी। यह पहल छत्तीसगढ़ की कानून-व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button