Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

बैल वाले किसान से भिड़ीं भाजपा नेत्री,राजनीति गरमाई

BJP leader clashed with a farmer with a bull, politics heated up

कोरबा । जिले में एक किसान और भाजपा नेत्री के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। ग्राम बरेडिमुड़ा के किसान बलवंत सिंह कंवर से हुई मारपीट के मामले में भाजपा नेत्री ज्योति महंत समेत तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है।

घटना 7 जून की है, जब बलवंत अपने बैल के साथ सड़क पर गुजर रहा था। उसी दौरान रास्ते को लेकर कहासुनी हो गई। ज्योति महंत का दावा है कि उन्होंने युवक से साइड देने को कहा, जिस पर युवक ने कथित तौर पर गाली दी और कहा, “बाप का रोड नहीं है।” इसके बाद मामला गर्म हो गया।

किसान बलवंत सिंह ने थाने में शिकायत देते हुए कहा कि वह अपने भाई चंद्रशेखर और मामा रंजीत के साथ बैल खरीदने हरदीबाजार गया था। वापसी में रावणभाठा के पास भाजपा नेत्री ज्योति महंत, अमन सिंह राजपूत और मुकेश राणा ने उन्हें रोका, गालियां दीं और मारपीट की।

इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया ने कोरबा एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह घटना बांकी मोंगरा थाने के भीतर हुई और इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। विधायक ने सवाल उठाया कि जब पुलिस प्रशासन के सामने ही आदिवासी किसान को अपमानित किया जा रहा है, तो कानून का भय किसे होगा?

उन्होंने यह भी कहा, “मैं खुद एक आदिवासी विधायक हूं और ऐसी घटनाओं से आहत हूं। ऐसा लगता है कि भाजपा नेत्री को न शासन का डर है, न प्रशासन का।”

अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कितना सख्त रुख अपनाता है और क्या यह घटना आगामी दिनों में कोरबा की राजनीति को और गर्माएगी।