नवा रायपुर में 13-14 मार्च को सजेगा ‘आदि परब 2026’, जनजातीय कला-संस्कृति की दिखेगी अनोखी झलक

रायपुर। नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 13 और 14 मार्च को ‘आदि परब 2026 – परम्परा से पहचान तक’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय आयोजन आदिम जाति विभाग द्वारा जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और जीवन-दर्शन को व्यापक मंच देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान ‘आदि रंग’ के माध्यम से जनजातीय चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, वहीं ‘आदि परिधान’ में जनजातीय वेशभूषा पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। ‘आदि आख्यान’ के अंतर्गत जनजातीय विषयों पर सेमीनार आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही ‘आदि हाट’ में जनजातीय शिल्पकारों द्वारा तैयार हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री की व्यवस्था रहेगी। आयोजन में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जो आगंतुकों को आदिवासी जीवन की झलक दिखाएंगे।




