छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नहीं बढ़ा लॉकडाउन, कल से खुलेगा बाजार

रायपुर, एक सप्ताह के सख्त लॉक डाउन के बाद अब कल से राजधानी सहित पूरे जिले में अनलॉक हो जाएगा। इधर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में इस बात पर सहमति बन गई है। बैठक में कलेक्टर, नगर निगम प्रशासन को भी निर्देश दिया गया है कि मास्क और सामाजिक दूरी का पालन कराने में पहले से ही ज्यादा कड़ाई बरती जाए। वहीं दुकानों के बंद होने के समय में एक घंटे की वृद्धि करते हुए अब रात 8 बजे तक व्यापार-व्यवसाय करने की अनुमति होगी।
राजधानी में आज हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में तमाम बिंदुओं पर समीक्षा करने के पश्चात इस बात पर सहमति बन गई है कि अब जिले में लॉकडाउन आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। 21 सितंबर की रात 9 बजे से जारी लॉकडाउन आज शाम समाप्त हो जाएगा। इसके बाद कल 29 सितंबर से जनजीवन फिर से पटरी पर लौटनी शुरू हो जाएगी। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि अनलॉक होने के बाद भी दुकानों, बाजारों में ज्यादा भीड़ न बढ़े, इसकी लगातार मॉनीटरिंग की जाए।
मास्क, सेनेटाइजर और सामाजिक दूरी का पालन न कराने वाले दुकानदारों और व्यापारियों पर भी सख्ती बरतते हुए अब कड़ी कार्यवाही की जाए। बैठक में वरिष्ठ मंत्री रविन्द्र चौबे, जिला कलेक्टर एस. भारतीदासन, पुलिस अधीक्षक के साथ ही नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में एक सप्ताह के लॉकडाउन पर मंथन हुआ।
बैठक में सर्वसम्मति से यह स्वीकार किया गया कि इस बार जिलेवासियों ने लॉकडाउन की गंभीरता को समझते हुए इसका कड़ाई से पालन किया है, लिहाजा अब आगे लॉकडाउन करने की जरूरत नहीं है। वहीं दूसरी ओर राज्य में फिर से आर्थिक गतिविधियों को बल देने के लिए बाजारों को खोलने का निर्णय हुआ। इस निर्णय के तहत शाम 7 बजे तक बंद होने वाली दुकानों के लिए समय सीमा बढ़ाकर रात 8 बजे तक कर दिया गया है।