छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सांसद नितिन नवीन ने बस्तर से सरगुजा तक विकास और संस्कृति के नए अध्याय का किया ऐलान

Grand celebration of 'Tribal Pride Day' (Janjatiya Gaurav Diwas) in Chhattisgarh: Chief Minister Vishnu Deo Sai and MP Nitin Navin announce a new chapter of development and culture, spanning from Bastar to Sarguja.
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती और ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर छत्तीसगढ़ में उल्लास, संस्कृति और विकास का अनूठा संगम देखने को मिला। वर्चुअली जुड़े राज्यसभा सांसद नितिन नवीन और मुख्य समारोह में शामिल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के जनजातीय समाज के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया। इस ऐतिहासिक आयोजन ने पूरे प्रदेश में आत्मसम्मान और गौरव का माहौल पैदा कर दिया है।

छत्तीसगढ़ वीरों और बलिदानियों की पावन भूमि: नितिन नवीन

वर्चुअल संबोधन में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध संस्कृति की धरती है। खराब मौसम के कारण प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित न हो पाने का खेद जताते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेशवासियों की उम्मीदों को लगातार पूरा कर रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें —: बस्तर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान शुरू: कलेक्टर ने बड़ेमारेंगा केंद्र का किया औचक निरीक्षण, पहले दिन किसानों में दिखा भारी उत्साह

नितिन नवीन ने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक जैसे महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री न नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। बस्तर के जिन इलाकों में कभी बंदूकों की गूंज सुनाई देती थी, वहाँ आज खेल के मैदान और आधुनिक स्कूल तैयार हो रहे हैं। बस्तर ओलंपिक और एकलव्य विद्यालयों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि युवा अब शिक्षा और खेल के जरिए अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं।

जनजातीय समाज का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्य समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ जनजातीय समाज का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हर जनजातीय परिवार तक विकास पहुँचाना सरकार का मुख्य संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने पद्मश्री से सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान पारंपरिक प्रमुखों, मांझी-चालकी व्यवस्था के पदाधिकारियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि व सम्मान राशि वितरित की गई।

विकास की बयार: योजनाओं से बदल रही है तस्वीर

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ और ‘पीएम-जनमन योजना’ के जरिए छत्तीसगढ़ के हजारों गाँवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसके अलावा प्रमुख योजनाएं असर दिखा रही हैं:

  • महतारी वंदन योजना: राज्य की लगभग 68 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है, जिसमें करीब 30% लाभार्थी जनजातीय समाज से हैं।
  • तेंदूपत्ता संग्रहण: पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा कर दी गई है और ‘चरण पादुका योजना’ को भी दोबारा शुरू कर दिया गया है।
  • अखरा और देवगुड़ी विकास: सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रत्येक स्वीकृत कार्य हेतु 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

किसानों के हित में बड़ा ऐलान: पूरी मिलेगी आदान सहायता राशि

धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया कि प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि (13,839 रुपये प्रति एकड़) मिलेगी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए राज्यभर में 3,100 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिससे किसानों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें अनावश्यक भीड़ से राहत मिलेगी।

समारोह के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद राधेश्याम राठिया, चिंतामणि महाराज, देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा, भोजराज नाग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और जनजातीय समाज के प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *