रायपुर/भिलाई। भिलाई के वैशालीनगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन के एक हालिया बयान ने छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता जगत में हलचल मचा दी है। एक इंटरव्यू के दौरान विधायक ने दावा किया था कि दिवाली पर उनके ऑफिस से 1200 यूट्यूबर और पत्रकार मिठाई ले गए, जबकि प्रेस कॉन्फ्रेंस में 22 लोग भी नहीं आते। उन्होंने यह भी कहा था कि कई नेताओं के बंगलों से पत्रकार 150 रुपये के लिफाफे भी ले जाते हैं।
इस बयान के सामने आने के बाद राजधानी के पत्रकारों में भारी आक्रोश है। इस मुद्दे पर मीडिया कर्मियों ने विधायक के दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें नाम और सबूत सार्वजनिक करने की खुली चुनौती दी है।
वरिष्ठ पत्रकार अनिल पुषदकर ने इस स्थिति के लिए पत्रकारों की आपसी फूट और कुछ संगठनों की कार्यप्रणाली को भी जिम्मेदार ठहराया, लेकिन विधायक को बेहद कड़े शब्दों में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के पत्रकारों ने इमरजेंसी से लेकर कई कठिन दौर देखे हैं, वे किसी से डरते नहीं हैं। 150 रुपये के लिफाफे वाले बयान पर चुनौती देते हुए उन्होंने कहा, “अगर विधायक में दम है, तो नाम लेकर बताएं कि कौन सा पत्रकार 150 रुपये लेकर गया है।” पुषदकर ने तंज कसा कि सनातन धर्म में दान गुप्त रखा जाता है, ढिंढोरा नहीं पीटा जाता—शायद विधायक अपनी पोल खुलने के डर से लोगों को मिठाई देकर चुप करा रहे हैं। अनिल पुषदकर (वरिष्ठ पत्रकार)
आम जनता क्या कहती है इससे फर्क नहीं पड़ता, लेकिन संवैधानिक पद पर बैठकर इस तरह की बात करना एक विधायक को शोभ नहीं देता, यदि विधायक अपनी स्वेच्छा से किसी को कुछ देते हैं तो उसका ढिंढोरा नहीं पीटना चाहिए और अगर विधायक पर कोई इसका दवाब बनाता है तो उन्हें उनका नाम उजागर करना चहिए, इस तरह विपक्षी पार्टी की तरह कुछ भी आरोप नहीं लगाना चाहिए, साथ ही सभी पत्रकारों से अपील है कि अगली बार जब भी विधायक बाइट लें, तो उनसे इस बयान के सबूत और नाम पूछे जाएं । – सत्येंद्र सिंह राजपूत – पत्रकार
विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए राहुल चौबे ने कहा कि यदि 1200 लोगों को मिठाई बांटी गई है, तो विधायक को उसका वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर जारी करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रेस कॉन्फ्रेंस में 22 पत्रकार भी नहीं आ रहे हैं, तो क्या विधायक का पीआरओ निकम्मा है? चौबे ने आरोप लगाया कि पत्रकार बिकाऊ नहीं हैं, बल्कि नेता सड़क, अस्पताल और सरकारी योजनाओं में कमीशन खाते हैं। उन्होंने विधायक को ‘वन टाइम विधायक’ (OTP) बताते हुए पूछा कि इतने लोगों को मिठाई बांटने के लिए पैसा कहां से आया, इसकी भी जांच होनी चाहिए। – राहुल चौबे (पत्रकार)
विक्रम साहू ने विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले विधायक ने खुद अपना नेगेटिव और पॉजिटिव प्रचार करने के लिए मीडिया कर्मियों को रखा था, जिनका पैसा भी वे ठीक से नहीं दे पाए थे। उन्होंने कहा कि दूसरों से मांगकर मिठाई बांटने वाले लोग पत्रकारों की हैसियत पर सवाल न उठाएं। पत्रकार समाज का एक अभिन्न अंग हैं और अगर पूरी पत्रकार बिरादरी के खिलाफ इस तरह की अनर्गल बयानबाजी जारी रही, तो अगली बार विधानसभा में उनकी वापसी मुश्किल हो जाएगी। – विक्रम साहू (पत्रकार)
जयदास मानिकपुरी ने इसे बेहद दुर्भाग्यजनक बताते हुए कहा कि यदि विधायक का किसी व्यक्ति विशेष से कोई व्यक्तिगत मामला है, तो उन्हें सीधे उसका नाम लेना चाहिए। “पत्रकार” शब्द का इस्तेमाल कर पूरे प्रदेश के हजारों पत्रकारों की छवि धूमिल करना गलत है। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों ने उपहार या मिठाई ली है, विधायक को उनकी सूची सार्वजनिक करनी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। – जयदास मानिकपुरी (पत्रकार)
![Journalists outraged by MLA Rikesh Sen's claim about 'sweets for 1,200 journalists and envelopes [containing money] for 150'; demand proof.](https://4rtheyenews.com/wp-content/uploads/2026/11/Screenshot_2026_11_22-7.jpeg)












Leave a Reply