उत्तर छत्तीसगढ़ को मिलेगी विकास की रफ्तार! अम्बिकापुर-सीतापुर-पत्थलगांव बायपास फोर-लेन बनाने की दिशा में बढ़ा बड़ा कदम

रायपुर। उत्तर छत्तीसगढ़ की सड़क व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अम्बिकापुर, सीतापुर और पत्थलगांव बायपास को प्रस्तावित टू-लेन की जगह फोर-लेन सड़क के रूप में विकसित करने की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाया है। केंद्रीय मंत्री ने इस प्रस्ताव को परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के अम्बिकापुर-पत्थलगांव खंड पर लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग उठ रही थी। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना था कि फोर-लेन सड़क क्षेत्र के विकास की नई संभावनाएं खोलेगी।
इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इस मार्ग को फोर-लेन में विकसित करने का विशेष आग्रह किया था। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि यह मार्ग सरगुजा और जशपुर क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार, उद्योग और कृषि गतिविधियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
यदि यह परियोजना मूर्त रूप लेती है तो इससे न केवल यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा, बल्कि यात्रा समय में कमी आएगी। बेहतर सड़क संपर्क से सरगुजा और जशपुर के पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने विश्वास जताया है कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना जल्द जमीन पर उतरेगी और उत्तर छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास की नई इबारत लिखेगी।




