MP Headline 31 January 2021: मध्य प्रदेश में बजट की तैयारी, आज 1 करोड़ 14 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा, पढ़िये सुबह की सुर्खिया

1. मध्य प्रदेश में आज 1 करोड़ 14 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा

भोपाल : मध्य प्रदेश में रविवार 31 जनवरी को 0 से 5 साल तक के 1 करोड़ 14 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी। पहले दिन पोलियो की दवा बूथ स्तर पर पिलाई जाएगी। इसके बाद दो दिन तक हेल्थ वर्कर घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंडों पर भी टीम तैनात की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भारत के कुछ पड़ोसी देशों में पल्स पोलियो के मरीज अभी भी मिल रहे हैं। यही वजह है कि मध्य प्रदेश समेत देशभर में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाना पड़ रहा है। साल में यह अभियान एक बार चलाया जाता है। जब तक पड़ोसी देशों से पोलियो खत्म नहीं होगा। भारत में इसी तरह से पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाना पड़ेगा।
2. CM शिवराज ने कलेक्टरों से पूछा- राज्य की आय में वृद्धि कैसे हो सकती है? 8 फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराज करेंगे बात

भोपाल : सरकार का फोकस कोरोना संक्रमण के कारण चरमराई राज्य की अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाने पर है। वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट की तैयारी में जुटी सरकार आत्मनिर्भर बनने के लिए नए संसाधनों की तलाश भी कर रही है। सरकार ने कलेक्टरों से पूछा है कि आय में वृद्धि कैसे हो सकती है? इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 फरवरी को बैठक करेंगे।
मंत्रालय सूत्रों ने बताया, सरकार फरवरी के अंतिम सप्ताह में विधानसभा में बजट पेश करेगी। इससे पहले सरकार ने राजस्व बढ़ाने और घाटा कम करने की कवायद तेज कर दी है। इसकी वजह यह भी है कि केंद्रीय करों में राज्य की हिस्सेदारी कोरोना काल में कम हुई।
3. मुख्यमंत्री शिवराज- खसरे की नकल, बैंक नोड्यूज घर बैठे मिलेंगे, समर्थन मूल्य पर चना, सरसों भी

सागर : यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को सागर में की। 181 पर कॉल करने से अब सीधे मोबाइल पर खसरे की नकल मिलेगी। इस काम के लिए अब लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसी प्रकार आय, जाति, मूल निवासी प्रमाण-पत्र देने की व्यवस्था भी हम कर रहे हैं। वे खेल परिसर में राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 20 लाख किसानों के खाते में सिंगल क्लिक पर 400 करोड़ रुपए की राशि भेजी। उन्होंने कहा कि 31 से ज्यादा बैंकों को ऑनलाइन बंधन सेवा से जोड़ा है। ऐसे में लोन के लिए एनओसी प्राप्त करने लोगों को बैंक नहीं जाना पड़ेगा। आवेदन करने पर ऑनलाइन ही एनओसी मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा गांव में बने मकानों का सर्वे कराकर लोगों के नाम पर मकान करने का काम हम स्वामित्व योजना के तहत कर रहे हैं। इसके बदले में लोग बैंक से लोन भी ले सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा 15 मार्च से चना, गेहूं, मसूर एवं सरसों की समर्थन मूल्य पर खरीदारी शुरू होगी। एमएसपी बंद नहीं हो रही है, इसको लेकर वैसे ही भ्रम फैलाया जा रहा है।
4. प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज की इच्छा के खिलाफ अधिकारी बना रहे शराब निति

भोपाल : वर्ष 2021-22 के लिए प्रस्तावित शराब नीति में प्रदेश में शराब दुकानें बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की इच्छा के खिलाफ आबकारी विभाग के अधिकारी घर-घर शराब पहुंचाने की नीति बना रहा है। जबकि मुख्यमंत्री चौहान बार-बार कह रहे हैं कि शराब की दुकानों की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी, पर नौकरशाह हर साल बनने वाली नीति में दुकानों की संख्या बढ़ाना प्रस्तावित कर देते हैं। इससे पहले विभाग घरों में 100 बॉटल शराब रखने के लिए लाइसेंस देना प्रस्तावित कर चुका है। जिसे मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद हटाया गया था।
5.प्रदेश में अब और बढ़ेगी ठंड

सागर : उत्तर भारत की तरफ से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण अगले 48 घंटों के दौरान रात के वक्त कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी। सागर सहित प्रदेश के 15 जिलों में शीतलहर का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। 1 फरवरी तक रातें ठंडी रहेंगी।
6.मध्य प्रदेश में 30 अप्रैल से शुरू होंगे 10वीं के परीक्षा, 1 मई से 12वीं के परीक्षा, 6वीं से 8वीं की परीक्षा पर फैसला सोमवार को

भोपाल : मध्य प्रदेश शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके मुताबिक 10वीं की परीक्षाएं 30 अप्रैल से 15 मई तक आयोजित की जाएंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 1 मई से 18 मई तक चलेंगी।परीक्षा के लिए परीक्षार्थी को सुबह 7.30 बजे उपस्थित होना जरूरी है। छात्रों को सुबह 7.45 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, उसके बाद आने वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा। स्कूल शिक्षा मंत्री सोमवार को कक्षा 6वीं और 8वीं की परीक्षा को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद ही इन कक्षाओं की परीक्षाओं पर निर्णय होगा।