Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

नमो युवा रन: युवाओं में दौड़ा जोश, देशभर में नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश

Namo Yuva Run: Youth ignite enthusiasm, spread the message of de-addiction and fitness across the country

रायपुर। खेल और युवा कल्याण विभाग की पहल पर रायपुर और बिलासपुर में “नमो युवा रन” का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने भारी जोश और उत्साह से हिस्सा लिया। यह दौड़ देश के 75 शहरों में आयोजित की गई, ताकि युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली और नशे से दूरी का संदेश दिया जा सके।

रायपुर में यह रन तेलीबांधा तालाब से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जबकि बिलासपुर में CMD कॉलेज मैदान से शुरू होकर रीवर-व्यू रोड पर समाप्त हुई।

उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने रायपुर में झंडी दिखाकर रन की शुरुआत की। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने युवाओं के साथ दौड़ लगाकर अभियान की प्रतीकात्मक शुरुआत की। कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अरुण साव ने कहा कि युवाओं को फिट, सक्षम और नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह की पहलें जरूरी हैं। उन्होंने सभी से नशामुक्त भारत के लिए संकल्प लेने की अपील की।

खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने बताया कि रायपुर और बिलासपुर में कुल 20 हजार युवाओं ने इस रन के लिए पंजीयन कराया। आयोजन में उच्च शिक्षा और आदिम जाति कल्याण विभाग का भी सहयोग रहा।

🏅 प्रतियोगिता परिणाम

पुरुष वर्ग:

🥇 अर्जुन राय
🥈 अक्षय कुमार
🥉 चंद्रप्रकाश

महिला वर्ग:

🥇 वंशिका पटेल
🥈 रूख्मणि साहू
🥉 चंचल यादव

विजेताओं को क्रमशः ₹25,000, ₹15,000 और ₹10,000 की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं 4वें और 5वें स्थान को ₹5,000 और 6वें से 10वें स्थान तक को ₹2,000 की राशि प्रदान की गई।

खिलाड़ियों का सम्मान

समापन समारोह के दौरान मंच पर अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को आमंत्रित कर विशेष सम्मान दिया गया।
जिनमें रूस्तम सारंग (वेटलिफ्टिंग), मृणाल चौबे (हॉकी), किरण पिस्दा (फुटबॉल), दीपेश सिन्हा (वॉलीबॉल) सहित अन्य खिलाड़ियों को मंच की पहली पंक्ति में बैठाकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को भी इन्हीं खिलाड़ियों के साथ पुरस्कार दिए गए।