छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रविशंकर नगर जोन में विकास को नई रफ्तार, 3.20 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन

नगर पालिक निगम कोरबा के रविशंकर नगर जोन के कई वार्डों को आज विकास की बड़ी सौगात मिली। करीब 3 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि रहे, जबकि महापौर संजू देवी राजपूत ने अध्यक्षता की।

भूमिपूजन के दौरान मंत्री देवांगन और महापौर राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं और गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरे हों। इन कार्यों के तहत वार्ड क्रमांक 34 में दादर रोड कलवर्ट से मानिकपुर मुक्तिधाम तक करीब 1.84 करोड़ रुपये की लागत से कलवर्ट एवं नाला निर्माण होगा। इसके अलावा पं. रविशंकर शुक्ल जोन के अंतर्गत 6 शासकीय स्कूलों में किचन शेड और 12 शासकीय स्कूलों में बालक-बालिका शौचालयों का निर्माण भी किया जाएगा।

अन्य विकास कार्यों में वार्ड क्रमांक 33 मानिकपुर डिपरापारा में सड़क निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 26 में विभिन्न स्थानों पर आंतरिक गलियों और कलवर्ट का निर्माण शामिल है।
अपने संबोधन में मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा और नगरीय विकास के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से छात्रों और शिक्षकों को बड़ी राहत मिल रही है।
महापौर संजू देवी राजपूत ने भी कहा कि जनता ने जो भरोसा जताया है, उसे बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और कोरबा में विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button