Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

कवर्धा के वनांचल को सड़क विकास की सौगात, 5.74 करोड़ की तीन सड़कों का भूमिपूजन

Road development gift to forest areas of Kawardha, ground breaking ceremony of three roads worth Rs 5.74 crore

कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के वनांचल और ग्रामीण इलाकों में विकास की रफ्तार और तेज होने जा रही है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने करीब 5 करोड़ 74 लाख 87 हजार रुपये की लागत से बनने वाली तीन महत्वपूर्ण सड़कों का पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया। इन सड़क परियोजनाओं से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का सीधा जुड़ाव मुख्य मार्गों से हो सकेगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत मेन रोड से ग्राम कटगो तक 6.81 किलोमीटर लंबी सड़क से हुई, जिस पर 3 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत आएगी। इस सड़क के बन जाने से वनांचल क्षेत्र के लोगों को वर्षों से चली आ रही आवाजाही की परेशानियों से राहत मिलेगी।

इसके बाद मेन रोड से खिरसाली तक 4 किलोमीटर लंबी सड़क (लागत 1 करोड़ 36 लाख 50 हजार रुपये) और मेन रोड से लाटा तक 2.80 किलोमीटर लंबी सड़क (लागत 1 करोड़ 02 लाख 90 हजार रुपये) के निर्माण कार्य का भी विधिवत भूमिपूजन किया गया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ग्राम कटगो में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 263 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी 1 जनवरी को भोरमदेव कॉरिडोर का भव्य भूमिपूजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की विशेष उपस्थिति रहेगी। भोरमदेव कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और कवर्धा जिले को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने सभी ग्रामवासियों से इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य लोकचंद साहू, राम किंकर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।