छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

राष्ट्र की एकता के प्रतीक सरदार पटेल को नमन — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘एकता दौड़’ में दिया ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश

रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल न केवल स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी थे, बल्कि वे वह दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने अपने साहस और दृढ़ निश्चय से रियासतों का विलय कर अखंड भारत की नींव रखी।

मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों के साथ ‘एकता दौड़’ में भाग लेकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया। दौड़ शास्त्री चौक से शारदा चौक तक आयोजित की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल को उनकी अद्भुत नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए ‘भारत का लौह पुरुष’ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और सशक्त बनाता है।

साय ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है और ‘विविधता में एकता’ ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह जोश राष्ट्रप्रेम और सरदार पटेल के आदर्शों के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, विधायक पुरंदर मिश्रा, तथा छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button