छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

फरसगांव में स्कूल बस हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो ने मचाया कोहराम, 12 बच्चे घायल

रायपुर। कोंडागांव जिले के फरसगांव में गुरुवार सुबह एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। सरस्वती शिशु मंदिर की यह बस करीब 20 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। सुबह करीब 10 बजे पासंगी पेट्रोल पंप के पास बस जैसे ही चलने को हुई, पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बच्चों में चीख-पुकार मच गई। कुल 20 में से 12 बच्चे घायल हुए हैं। एक बच्चे की कमर में और एक के सीने में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज फरसगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और बच्चों के परिजन तुरंत घटनास्थल और अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में बच्चों की स्थिति को लेकर परिजनों में भारी बेचैनी दिखी। स्कूल प्रबंधन ने सभी घायल बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखी हुई है।

पुलिस ने हादसे के तुरंत बाद बोलेरो और उसके चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button