रायपुर: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कारण हुई बेमौसम बारिश और खराब मौसम से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न विकट परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को एक विस्तृत पत्र लिखा है। पत्र में सिंहदेव ने प्रभावित फसलों का वास्तविक आकलन कर उचित मुआवजा देने, धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने, उद्यानिकी फसलों की क्षतिपूर्ति करने और किसानों को फसल बीमा क्लेम दिलाने की मांग की है।
सहानुभूतिपूर्ण सर्वेक्षण आदेश के लिए जताया आभार 23 नवम्बर 2026 को प्रेषित इस पत्र में पूर्व उप मुख्यमंत्री ने लिखा है कि विगत 18 नवम्बर 2026 और उसके बाद दो-तीन दिनों तक आए चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बेमौसम बारिश हुई, जिससे धान की फसल को व्यापक क्षति पहुंची है। उन्होंने किसानों को हुए नुकसान के सर्वेक्षण का सहानुभूतिपूर्वक आदेश देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी ज्ञापित किया है।
सिंहदेव ने पत्र में किसानों की पीड़ा को रेखांकित करते हुए कहा कि इस असमय वर्षा के कारण खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के पश्चात खेतों और खलिहानों में मिसाई के लिए रखे गए धान भींगकर खराब हो गए हैं। धान की यह फसल छत्तीसगढ़ के अधिकांश किसान परिवारों के लिए वर्षभर के जीविकोपार्जन का एकमात्र आधार है। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों को गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है, जिससे वे अत्यंत चिंतित और व्यथित हैं तथा शासन से त्वरित सहायता की अपेक्षा कर रहे हैं।
सर्वेक्षण की विसंगतियों पर उठाए सवाल, रखीं चार प्रमुख मांगें पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने नुकसान के सर्वेक्षण और मूल्यांकन की प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही समस्याओं और किसानों की चार प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा है:
1. नुकसान का पुनर्मूल्यांकन एवं उचित मुआवजा: सिंहदेव ने पत्र में उल्लेख किया है कि चक्रवाती तूफान आने के समय तक प्रदेश में धान की फसल की केवल 30 प्रतिशत ही कटाई-मिसाई हो पाई थी, जिसके कारण लगभग 70 प्रतिशत खड़ी फसल सीधे तौर पर इस आपदा से प्रभावित हुई है। उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विभाग द्वारा नुकसान का आकलन ‘शून्य (0)’ दर्शाया जा रहा है, जो कि वास्तविक स्थिति के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो बीमा कंपनियों के दबाव में आकर नुकसान को शून्य दिखाया जा रहा है। अतः उन्होंने निष्पक्ष सर्वेक्षण कराकर प्रभावित किसानों को वास्तविक और उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
2. धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी की जाए: धान खरीदी व्यवस्था में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री ने लिखा है कि पटवारी हड़ताल, उपार्जन केन्द्रों के फड़ गीले होने तथा क्रय नीति के तहत केवल 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीदी की बाध्यता के कारण खरीदी कार्य बुरी तरह बाधित हो रहा है। इसके अतिरिक्त, एग्रीस्टैक (AgriStack) पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में हुई त्रुटियों के कारण भी आगामी पखवाड़े में धान खरीदी प्रभावित रहने की पूरी संभावना है। इन तमाम परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने किसानों के हित में धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी तक करने का अनुरोध किया है।
3. उद्यानिकी फसलों की भी हो क्षतिपूर्ति: पत्र में केवल धान ही नहीं, बल्कि सब्जियों की खेती करने वाले किसानों के नुकसान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। सिंहदेव ने बताया कि ‘अकवान’ तूफान से टमाटर, गोभी वर्गीय सब्जियों, खीरा और लौकी जैसी उद्यानिकी फसलों को भी भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने शासन से मांग की है कि उद्यानिकी फसलों का भी शीघ्र मूल्यांकन और जांच कराकर प्रभावित उद्यानिकी कृषकों को उचित मुआवजा दिया जाए।
4. फसल बीमा क्लेम का त्वरित भुगतान सुनिश्चित हो: फसल बीमा से जुड़ी विसंगतियों पर प्रकाश डालते हुए सिंहदेव ने कहा कि सरकार जिस प्रकार फसल बीमा को प्रोत्साहित करती है, उसी प्रकार किसान बीमा क्लेम दिलाने में भी सरकार से सहयोग की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनेक जिलों में निजी फसल बीमा कंपनियों के दबाव में संपूर्ण कृषि भूमि को असिंचित रकबा मानकर इंश्योरेंस किया गया है। उन्होंने मांग की है कि ‘अकवान’ तूफान से हुए नुकसान की भरपाई के लिए शासन स्तर पर त्वरित पहल की जाए और बिना किसी दबाव के किसानों को उनके उत्पादन मूल्य तक का बीमा क्लेम दिलाया जाए।
तत्काल विभागीय निर्देश जारी करने का अनुरोध पत्र के अंत में पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से विनम्र अनुरोध किया है कि वे संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निर्देशित करें, ताकि प्रदेश के प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुई क्षति का वास्तविक आकलन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने पीड़ित किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान करने, प्रकृतिजन्य परिस्थितियों को देखते हुए धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने तथा समस्त हितग्राही किसानों को फसल बीमा क्लेम दिलाने हेतु समुचित कार्यवाही के आदेश देने का आग्रह किया है।





![Journalists outraged by MLA Rikesh Sen's claim about 'sweets for 1,200 journalists and envelopes [containing money] for 150'; demand proof.](https://4rtheyenews.com/wp-content/uploads/2026/11/Screenshot_2026_11_22-7.jpeg)





Leave a Reply