छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

धमतरी में महिलाओं के सशक्तिकरण की बड़ी पहल: STREE परियोजना से 300 महिलाओं को मिलेगा कौशल और रोजगार का मौका

रायपुर। धमतरी जिले में ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। कलेक्टोरेट परिसर में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) रायपुर, जिला प्रशासन धमतरी और बीआरपी शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के बीच STREE परियोजना के क्रियान्वयन के लिए त्रिपक्षीय MoU पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के साथ जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक संगठित प्रयास की शुरुआत हुई है। कार्यक्रम में NIT रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमणा राव, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अबिनाश मिश्रा और पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर कर परियोजना का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पंचायत के अधिकारी, शिक्षाविद और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

यह परियोजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत DSIR की सहायता से लगभग 90 लाख रुपये की लागत से संचालित होगी। 36 महीनों की अवधि में 300 ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना के तहत महिलाओं को कोसा रेशम प्रसंस्करण, फाइबर निष्कर्षण, आधुनिक बुनाई, उत्पाद डिजाइन, उद्यमिता विकास और बाजार से जुड़ने जैसी उपयोगी ट्रेनिंग दी जाएगी। खासतौर पर आदिवासी, वंचित और कृषि आधारित समुदायों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।

यह पहल जनवरी 2026 में नई दिल्ली में हुए पूर्व समझौते का विस्तार है और शिक्षा, प्रशासन व स्थानीय स्तर के समन्वय का मजबूत उदाहरण पेश करती है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में हैंडलूम और कृषि आधारित रोजगार की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें इस परियोजना के माध्यम से नई दिशा मिलेगी।

वहीं NIT रायपुर के निदेशक ने इसे जमीनी स्तर पर नवाचार और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा और स्थायी आजीविका के अवसर तैयार होंगे।

इस पहल से महिलाओं को न सिर्फ प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि वे स्वरोजगार और छोटे उद्योगों की ओर भी आगे बढ़ सकेंगी। STREE परियोजना धमतरी में महिला सशक्तिकरण का एक मजबूत मॉडल बनकर उभरने की ओर अग्रसर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button