छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

राजिम कुंभ कल्प मेला-2026: व्यवस्थाओं की कसौटी, श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि

नवा रायपुर स्थित आवासीय कार्यालय में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजिम कुंभ (कल्प) मेला-2026 की तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बिजली और प्रकाश व्यवस्था को लेकर ठोस निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र के प्रवेश मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय और चिकित्सा शिविर समयबद्ध तरीके से तैयार करने पर जोर दिया गया।

भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश देते हुए सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम और पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को प्रभावी करने पर सहमति बनी। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट और प्राथमिक उपचार केंद्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

1 से 15 फरवरी तक गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम पर होने वाले इस विशाल धार्मिक आयोजन को गरिमा, दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग समयसीमा में पारदर्शी ढंग से कार्य पूर्ण करें, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में स्वच्छता, जल प्रबंधन, सड़क व पार्किंग, परिवहन, संतों के विश्राम गृह, कांवड़ियों के शेड, चिकित्सा व भोजन व्यवस्था, दाल-भात केंद्र, पेयजल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति संगीत, लोकनृत्य, अखाड़ा जुलूस और मीना बाजार सहित सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।

मंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला-2026 छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देगा और श्रद्धालुओं के लिए यह यादगार आयोजन बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button