वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शिकारी गिरफ़्तार, 12 फरार

बलौदाबाजार । वनमंडल ने अवैध शिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए सिमगा परिक्षेत्र अंतर्गत कचलोन बीट में बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 12 अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश तेजी से की जा रही है।
वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील के मार्गदर्शन में उपवनमंडलाधिकारी निश्चल शुक्ला और परिक्षेत्र अधिकारी बसंत खांडेकर के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पकड़े गए आरोपी से जंगली सुवर का मांस, कत्तल, हंसिया, अंतड़ियां, जी.आई. तार, विद्युत तार और खूंटियां बरामद हुई हैं। जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी संगठित रूप से अवैध शिकार में लिप्त थे।
गिरफ्तार किए गए परमानंद निषाद (आयु 40 वर्ष, निवासी कचलोन) पर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 एवं संशोधन अधिनियम 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। अपराध क्रमांक 1966/13, दिनांक 25 अगस्त 2025 को दर्ज हुआ है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
वनमंडलाधिकारी ने बताया कि वन्य प्राणी पर्यावरण और पारिस्थितिकीय संतुलन के लिए बेहद जरूरी हैं, और अवैध शिकार जैसे अपराधों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने आम लोगों और ग्रामीणों से अपील की कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें और वन्यजीव संरक्षण में अपना सहयोग दें।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु परिक्षेत्र अधिकारी अनिरुद्ध कश्यप, उपवनक्षेत्रपाल सरिता एक्का, वनरक्षक रजनीश वर्मा, मनबोधन टंडन, वनपाल संतराम कुंद्रे, वनरक्षक राकेश ध्रुव, गोविंद सिंह पटले और वन चौकीदार इमेश्वर शर्मा सहित अन्य स्टाफ एवं सुरक्षा कर्मियों की अहम भूमिका रही।




