नई दिल्ली ; कासगंज हिंसा में अब तक 112 लोग गिरफ्तार : डीजीपी
नई दिल्ली, ; गणतंत्र दिवस पर उत्तर प्रदेश के कासगंज में दो समुदायों के बीच हिंसा के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। इसी बीच, पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि हिंसा में शामिल लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून की तामील की जाएगी। घर-घर में तलाशी ली जा रही है। कुछ जगहों पर विस्फोटक तत्व बरामद हो रहे हैं। इस बीच, हालात के मद्देनजर कासगंज में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। विपक्ष की ओर से सपा और बसपा ने इस पूरी हिंसा के लिए योगी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उनके मुताबिक योगी सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह असफल रही है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 112 लोगों को गिरफ्तार किया है। हिंसा भडक़ने के तीसरे दिन यानी रविवार को अराजक तत्वों ने एक दुकान में आग लगा दी थी। हालांकि स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। पुलिस का दावा है कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है लिहाजा अब कफ्र्यू लागू नहीं किया गया है। इलाके पर ड्रोन कैमरों की मदद से नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा आज रात जारी बयान के मुताबिक कासगंज हिंसा मामले में अब तक कुल 112 लोग गिरफ्तार किए गए हैं इनमें से 31 अभियुक्त हैं जबकि 81 अन्य को एहतियातन गिरफ्तार किया गया है। हिंसा के मामले में अब तक पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें से तीन कासगंज के कोतवाल की तहरीर पर पंजीकृत हुए हैं।