समोदा में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, शासकीय जमीन से हटाए गए अवैध कब्जे

रायपुर। दुर्ग जिले के जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम समोदा में जिला प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यदु के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक मंडल जेवरा सिरसा, तहसील दुर्ग के अंतर्गत आने वाली शासकीय घास भूमि खसरा नंबर 778, रकबा 0.13 हेक्टेयर पर किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार इस भूमि पर पक्की दुकान का निर्माण किया गया था, वहीं टीन शेड लगाकर भी दुकान बनाई गई थी। इसके अलावा सीमेंट पोल लगाकर तार से घेरा कर जमीन पर कब्जा किया गया था। प्रशासन ने मौके पर ही सभी अवैध निर्माणों को हटाकर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
बताया गया कि उक्त शासकीय भूमि पर ब्रजेश ताम्रकार पिता गिरजाशंकर ताम्रकार द्वारा अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया गया था। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक रेखा शुक्ला, पटवारी चंद्रिका प्रसाद खरें, शत्रुहन मिश्रा, अनिता साहू, संदीप देशमुख सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



