खेल समाचार | क्रिकेट, फुटबॉल, ओलंपिक | Fourth Eye News।Sports

टी20 में भारत का स्वर्णिम दौर: साउथ अफ्रीका को हराकर तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का महारिकॉर्ड

टी20 क्रिकेट में टीम इंडिया का विजय अभियान थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दो सालों में भारतीय टीम ने जिस निरंतरता और आक्रामकता के साथ प्रदर्शन किया है, वह उसे मौजूदा दौर की सबसे मजबूत टी20 टीम बनाता है।

19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेले गए आखिरी मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया।

दरअसल, भारत अब अपने घर पर लगातार 9 बाइलेटरल टी20 सीरीज जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था, जिसने 2006 से 2010 के बीच अपने घर में लगातार 8 टी20 सीरीज जीती थीं। भारत ने 2022 से 2025 के बीच घरेलू सरजमीं पर एक भी टी20 सीरीज नहीं गंवाई।

दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ के बाद भारत ने घर में जीत की ऐसी लय पकड़ी कि जिम्बाब्वे, श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और अब साउथ अफ्रीका तक को लगातार शिकस्त दी।

इतना ही नहीं, टीम इंडिया ने घरेलू और विदेशी मैदानों को मिलाकर लगातार 8 टी20 इंटरनेशनल सीरीज जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। 2024 से 2025 के बीच भारत ने कुल 7 अलग-अलग टीमों को मात देते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आखिरी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 231 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 201 रन तक ही पहुंच सकी और भारत ने सीरीज पर मुहर लगा दी।

टी20 विश्व कप 2024 की जीत के बाद से टीम इंडिया का यह प्रदर्शन साफ संकेत है कि आने वाले समय में भी यह टीम टी20 क्रिकेट में नए-नए कीर्तिमान गढ़ने को तैयार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button