छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कांग्रेस की कब्जा संस्कृति ने कबीरपंथ के संत को भी नहीं बख्शा

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने राजधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित कबीरपंथ के संतश्री प्रकाशमुनि नाम साहेब के मकान और आश्रम के ऊपर कांग्रेस के एक नेता द्वारा कब्जा करने की खबर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस की गुंडागर्दी की हद हो गई। संतों तक को नहीं बख्शा जा रहा। कबीरपंथ के गुरु के घर और आश्रम पर कांग्रेसी नेता के अवैध कब्जे और अभद्रता के बाद भी पुलिस का यह कहना कि मामला शांत हो गया है, साबित कर रहा है कि प्रदेश में कानून का नहीं बल्कि कांग्रेसियों का गुंडाराज चल रहा है।

कानून के राज की दुहाई देने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेसी गुंडों, अवैध कब्जों, माफियाओं के प्रधान संरक्षक बन गए जान पड़ रहे हैं। सरकार के संरक्षण में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की अवैध खनन, अवैध कब्जा संस्कृति फलफूल रही है। पुलिस के हाथ बंधे हुए हैं। आम जनता तो आम जनता धर्म गुरु भी कांग्रेसी गुंडागर्दी के शिकार हो रहे हैं। क्या भूपेश बघेल का सर्व धर्म समभाव और गांधी दर्शन यही है कि धड़ल्ले से अवैध कब्जा करने की छूट कांग्रेस के लोगों को दे रखी है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि संतश्री प्रकाशमुनि नाम साहेब के आश्रम के ऊपर अवैध कब्जा करने वाले कांग्रेस नेता पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए और गांधीवाद के नाम पर ढकोसला करने वाली कांग्रेस को अपने उस नेता को फौरन कांग्रेस से बाहर करना चाहिए। वरना यह माना जायेगा कि कांग्रेस को गांधी दर्शन से दूर दूर तक कोई सरोकार नहीं है, वह सिर्फ अराजक ताकतों का खिलौना बनकर रह गई है।

पिछले तीन साल से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के राज में चोर, लुटेरे, गुंडे, बदमाश, तस्कर, माफिया का राज चल रहा है। सरकार की कुनीतियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने वालों पर बिना कोई देर किए दमन की कार्रवाई हो रही है और कांग्रेस के पाले हुए अराजक तत्व सरकारी जमीन के साथ साथ आम जनता और साधु संतों तक की संपत्ति कब्जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button