महिलाओं के आर्थिक उत्थान का केंद्र बनेगा महतारी सदन : श्याम बिहारी जायसवाल

23 सितम्बर 2025। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना महतारी सदन के अंतर्गत आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशभर में एक साथ 55 महतारी सदनों का लोकार्पण किया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 208 महतारी सदनों में से अब तक 55 का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसी क्रम में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रतनपुर और बरदर में निर्मित महतारी सदनों का उद्घाटन भी वर्चुअल माध्यम से किया गया।
महिलाओं को मिला नया सशक्तिकरण मंच
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ग्राम पंचायत बरदर और रतनपुर में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह क्षेत्र ऐतिहासिक और गौरवशाली विरासत से जुड़ा हुआ है और आज यहां महतारी सदन का आरंभ पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र न केवल महिलाओं के आर्थिक उत्थान का साधन बनेगा बल्कि समाज को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करेगा।
पूर्व व वर्तमान सरकार की योजनाओं का उल्लेख
जायसवाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 50% आरक्षण और रजिस्ट्री शुल्क में कमी कर महिलाओं को सशक्त किया था। वहीं, वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर महिला को प्रति माह 1000 रुपए की सहायता राशि देकर महिला सशक्तिकरण को और सशक्त दिशा दी है।
स्वास्थ्य और विकास पर जोर

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान के तहत महिलाओं और पुरुषों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार कराया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सिर्फ एमसीबी जिले में ही 27 हजार मकान बन चुके हैं और 67 हजार मकान निर्माणाधीन हैं।
जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और जनमन योजना के तहत जिले में 100 से अधिक सड़कों का निर्माण एवं नवीनीकरण किया गया है। किसानों को धान खरीदी में 3100 रुपए प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है।
विकास की घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई नई घोषणाएं कीं। इनमें बरदर डेम में नौका विहार की शुरुआत, बरदर शिव मंदिर के लिए पाँच लाख रुपए की स्वीकृति, 19 ग्राम पंचायतों में पीडीएस भवन निर्माण, 9 स्थानों पर नए महतारी सदन और नई सड़कों का निर्माण शामिल रहा।
आत्मनिर्भरता की ओर कदम

जायसवाल ने कहा कि महतारी सदन नारी सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा, जो रोजगार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास की नई राह खोलने में सहायक होगा।