रायपुर : बड़े भाई का फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से निकाले 1 करोड़ से अधिक रूपए, धोखाधड़ी का मामला दर्ज
रायपुर : बड़े भाई के चेक में फर्जी हस्ताक्षर कर 1 करोड़ 11 लाख रूपए आहरण करने का मामला प्रकाश में आया है। प्रार्थी की शिकायत पर सिविल लाईन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी रणवीर सिंह सलूजा पिता सुरजीत सिंह सलूजा 49 वर्ष गुरूगोविंद नगर पंडरी का रहने वाला है। प्रार्थी ऊषा लोहारी नाम से फर्म खोलकर व्यवसाय करता है। वहीं उसका सगा भाई आरोपी मनेन्द्र सिंह सलूजा भी अपना स्वयं का फर्म एसएस लोहारी नाम से खोलकर व्यवसाय कर रहा है। बताया जाता है कि आरोपी मनेन्द्र ने 11 फरवरी 2013 से सन् 2015 के मध्य प्रार्थी के बैंक खाते के चेक कहीं से प्राप्त किया और अपने बड़े भाई का फर्जी हस्ताक्षर कर उसके खाते से 1 करोड़ 11 लाख रूपए आहरण कर लिया। जब इस बात की जानकारी प्रार्थी को मिली तो उसने इसकी शिकायत विशेष अनुसंधान सेल में की। विशेष अनुसंधान सेल की आदेश पर सिविल लाईन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।
बंछोर