दिल्ली पुलिस का नया कप्तान: सतीश गोलचा बने 26वें पुलिस आयुक्त

दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त के रूप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को नियुक्त किया गया है। यह जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार को आदेश जारी कर दी। 1992 बैच के गोलचा ने तिहाड़ जेल के महानिदेशक के पद से दिल्ली पुलिस की कमान संभाली है।
गोलचा ने एसबीके सिंह का स्थान लिया है, जिन्होंने 31 जुलाई को पूर्व आयुक्त संजय अरोड़ा की सेवानिवृत्ति के बाद अतिरिक्त प्रभार संभाला था।
सतीश गोलचा की सेवा यात्रा में कई अहम पद शामिल हैं, जिनमें विशेष पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था), विशेष आयुक्त (खुफिया) और अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी के रूप में भी उनका योगदान रहा है। दिल्ली पुलिस में वे पुलिस उपायुक्त और संयुक्त आयुक्त के रूप में भी कार्यरत रहे हैं।
1 मई, 2024 से तिहाड़ जेल के महानिदेशक के रूप में कार्यरत गोलचा अब दिल्ली की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।