महतारी वंदन योजना से बदल रही महिलाओं की जिंदगी, जशपुर की प्यारी मांझी को मिल रहा आर्थिक संबल

रायपुर। प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई महतारी वंदन योजना अब कई परिवारों के लिए सहारा बनती जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर संचालित इस योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जा रही है। इस आर्थिक सहायता से महिलाएं अपने छोटे-मोटे खर्चों को पूरा करने के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
जशपुर जिले के ग्राम झरगांव की रहने वाली प्यारी मांझी भी इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उनके खाते में हर महीने मिलने वाली राशि से घर की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। इससे परिवार के खर्चों का बोझ कुछ हद तक कम हुआ है और उन्हें आर्थिक सहयोग मिल रहा है।
प्यारी मांझी बताती हैं कि हर महीने मिलने वाले 1000 रुपये से वे घर के जरूरी खर्चों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग कर पा रही हैं। इससे परिवार को आर्थिक सहारा मिला है और उन्हें भी आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास मिला है।
महतारी वंदन योजना के जरिए जिले की कई महिलाओं को सीधी आर्थिक सहायता मिल रही है। इससे महिलाएं न सिर्फ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भागीदारी निभा रही हैं, बल्कि अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।




