फरसाबहार के जोरंडाझरिया गांव को मिली बड़ी सौगात, 10 लाख की लागत से बना सामुदायिक भवन

जशपुर जिले के फरसाबहार तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत जोरंडाझरिया के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही सामुदायिक भवन की मांग अब पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक विष्णु देव साय के विधायक मद से स्वीकृत 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण पूरा कराया गया है।
सामुदायिक भवन बनने से गांव के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अब स्थानीय स्तर पर ही सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो गया है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न आयोजनों के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नवनिर्मित भवन का उपयोग सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों, सांस्कृतिक आयोजनों और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। गांव में स्थायी सुविधा मिलने से सामूहिक आयोजनों को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीणों को भी काफी सहूलियत होगी।
लंबे इंतजार के बाद पूरी हुई मांग
सामुदायिक भवन का निर्माण पूरा होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि गांव में लंबे समय से सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मांग पूरी होने से अब गांव को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक स्थायी और सुविधाजनक स्थान मिल गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क, भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार होने से गांवों के विकास को गति मिल रही है। स्थानीय स्तर पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।




