रायपुर के आसमान में गरजा वायुसेना का शौर्य, सारंग हेलीकॉप्टरों ने दिखाया अद्भुत दम!

आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के उत्साह के बीच राजधानी रायपुर में भारतीय वायुसेना की ताकत और शौर्य की शानदार झलक देखने को मिली। भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने आसमान में ऐसी शानदार उड़ान भरी कि पूरा शहर रोमांचित हो उठा।

हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनते ही लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। शहरवासी अपने घरों, कार्यालयों और बहुमंजिला इमारतों की छतों पर पहुंचकर इस अद्भुत नजारे को देखने लगे। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने मोबाइल कैमरों में इस यादगार पल को कैद किया और हाथ हिलाकर वायुसेना के जांबाज पायलटों का अभिवादन किया।

कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की छत से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन और एसडीएम नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सारंग टीम की शानदार उड़ान का आनंद लिया।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का रायपुर के आसमान में प्रदर्शन करना प्रदेशवासियों के लिए गर्व और उत्साह का अवसर है। वायुसेना के पायलटों का साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट उड़ान कौशल देश की सामरिक क्षमता एवं तकनीकी दक्षता को प्रदर्शित करता है। ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करने के साथ उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आगामी 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से होने वाले इस आयोजन में सारंग हेलीकॉप्टर टीम अपने स्वदेशी हेलीकॉप्टरों से हैरतअंगेज हवाई करतब और शानदार हवाई प्रदर्शन करेगी।

राजधानी में हुई इस झलक ने साफ कर दिया है कि 2 नवंबर का एयर शो प्रदेशवासियों के लिए रोमांच और देशभक्ति से भरपूर यादगार आयोजन बनने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *