देवरी को 44 लाख के विकास कार्यों की सौगात, चेक डैम, महतारी सदन और सामुदायिक शेड का हुआ शुभारंभ

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बलौदाबाजार विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत देवरी में 44 लाख रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत और लोकार्पण किया गया। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने ग्रामीणों को यह सौगात देते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव और हर परिवार तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और समृद्धि की नई तस्वीर उभर रही है।
इस अवसर पर 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित चेक डैम का लोकार्पण किया गया। यह परियोजना जल संरक्षण के साथ भू-जल स्तर बढ़ाने और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन भवन का भी उद्घाटन किया गया। यह भवन महिलाओं के स्वावलंबन, कौशल विकास और विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इसके अलावा ग्रामीणों की सामाजिक एवं सामुदायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 8 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक शेड का भूमिपूजन भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति, स्थानीय सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




