आदिवासी अंचल के 2 होनहारों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, NEET में 13 विद्यार्थियों ने लहराया परचम

dhamtari-eklavya-school-13-students-qualify-neet-two-meet-president-droupadi-murmu
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के आदिवासी अंचल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, पथर्रीडीह के 13 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) उत्तीर्ण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इनमें राधेश्याम का एमबीबीएस और डिंपल का बीएएमएस पाठ्यक्रम में चयन हुआ है। दोनों विद्यार्थियों को उनकी इस शानदार सफलता के लिए राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण मिला, जहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

राष्ट्रपति से आमने-सामने मुलाकात और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने का अवसर दोनों विद्यार्थियों के लिए जीवन का यादगार पल बन गया। इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और विद्यालय में खुशी का माहौल है।

एमबीबीएस में राधेश्याम को मिली सीट

नीट काउंसलिंग के प्रथम चरण में राधेश्याम को राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंह देव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, अंबिकापुर में एमबीबीएस की सीट आवंटित हुई है। वहीं, डिंपल ने बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश हासिल कर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में अपना सफर शुरू कर दिया है।

राधेश्याम ने कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की पढ़ाई एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह से पूरी की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों, माता-पिता और जिला प्रशासन की ओर से संचालित विशेष नीट कोचिंग को दिया है।

ये खबर भी पढ़ें —: छठ पूजा की तैयारियों को लेकर मंत्री राजेश अग्रवाल सक्रिय, अंबिकापुर के तीन घाटों का किया निरीक्षण

राधेश्याम के मुताबिक, शिक्षकों ने उन्हें बारहवीं कक्षा के दौरान नीट की तैयारी के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने कोचिंग के साथ प्रतिदिन पांच से छह घंटे घर पर पढ़ाई की। उनका सपना डॉक्टर बनकर जरूरतमंद और वंचित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

13 विद्यार्थियों ने NEET में हासिल की सफलता

विद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि इस साल एक साथ 13 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अलावा विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स, नर्सिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता हासिल की है। यह परिणाम विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है।

कलेक्टर ने दी बधाई, बताया जिले के लिए गौरव

धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने राधेश्याम और डिंपल को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में विद्यालय के 13 विद्यार्थियों का सफल होना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। राधेश्याम का एमबीबीएस और डिंपल का बीएएमएस में चयन होने के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का अवसर मिलना बेहद गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें सही अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उचित मार्गदर्शन देने की। जिला प्रशासन लगातार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है।

आदिवासी प्रतिभाओं के लिए बने मिसाल

विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि आदिवासी समुदाय के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर शिक्षा, संसाधन और मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता हासिल कर सकते हैं। राधेश्याम और डिंपल की उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

एकलव्य विद्यालय पथर्रीडीह के इन विद्यार्थियों की सफलता ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी शहर या बड़े संस्थान की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन और मेहनत के दम पर आदिवासी अंचल के विद्यार्थी भी देश के सर्वोच्च पद पर आसीन राष्ट्रपति से मुलाकात तक का गौरव हासिल कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *