खेत बचाओ अभियान से किसानों को मिली खेती की नई सीख, वैज्ञानिकों ने बताए उत्पादन बढ़ाने के तरीके

khet-bachao-abhiyan-2026-farmer-training-bemetara-chhattisgarh
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान-2026 के तहत बेमेतरा जिले में कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले की दो ग्राम पंचायतों कृथान खमरिया (विकासखंड साजा) और रांका (विकासखंड बेरला) में आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 76 किसानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में संस्थान की ओर से प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पी. मूवेंथन तथा कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. जितेंद्र कुमार जोशी और डॉ. चंद्र शेखर खरे शामिल हुए। इस दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच और जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।

प्रशिक्षण के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक, टिकाऊ और वैज्ञानिक खेती के तौर-तरीकों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, संतुलित उर्वरकों के इस्तेमाल और पर्यावरण के अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने पर विशेष जोर दिया।

ये खबर भी पढ़ें —: धरमजयगढ़ में जुटेंगे 50 हजार से ज्यादा आदिवासी! बिरसा मुंडा जयंती पर होगा भव्य आयोजन

वैज्ञानिकों ने बताया कि बेहतर कृषि उत्पादन के लिए मिट्टी की सेहत बनाए रखना और उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का समझदारी से उपयोग करना बेहद जरूरी है। किसानों को फसल की गुणवत्ता बढ़ाने और लंबे समय तक उत्पादन क्षमता बनाए रखने के लिए भी उपयोगी सुझाव दिए गए।

कार्यक्रम का खास आकर्षण वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद रहा। इस दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं, अनुभव और सवाल विशेषज्ञों के सामने रखे। वैज्ञानिकों ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप व्यावहारिक समाधान बताते हुए किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।

किसानों की आय बढ़ाना अभियान का लक्ष्य

खेत बचाओ अभियान-2026 का मुख्य उद्देश्य किसानों को जागरूक कर वैज्ञानिक, टिकाऊ और लाभकारी कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, कृषि उत्पादन में सुधार और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम करना भी अभियान का अहम लक्ष्य है।

इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ ही खेती को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *