धरमजयगढ़ में जुटेंगे 50 हजार से ज्यादा आदिवासी! बिरसा मुंडा जयंती पर होगा भव्य आयोजन

tribal-pride-day-dharamjaigarh-50000-people-birsa-munda-jayanti
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस मौके पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समाजों के 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी शुक्रवार को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, पार्किंग और आवागमन सहित तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

ये खबर भी पढ़ें —: छत्तीसगढ़ में UCC को लेकर बड़ी तैयारी! न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक

ओपी चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में पहुंचने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए।

जनजातीय संस्कृति और सरकारी योजनाओं की दिखेगी झलक

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से तैयार किए जा रहे प्रदर्शनी स्टॉलों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम लोगों और युवाओं को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं, उपलब्धियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को करीब से जानने का अवसर मिले।

समारोह में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं से लाभान्वित जनजातीय परिवारों की सफलता की कहानियां भी लोगों के सामने रखी जाएंगी।

बिरसा मुंडा के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि उन वीर नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी और सामाजिक स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

भगवान बिरसा मुंडा के साथ छत्तीसगढ़ के वीर स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे महान जनजातीय नायकों का योगदान भी देश के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।

बस्तर से सरगुजा तक दिखेगी जनजातीय विरासत

छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति लोकनृत्य, लोकगीत, हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति संरक्षण की अनूठी जीवनशैली के लिए जानी जाती है। बस्तर से सरगुजा तक फैली यह सांस्कृतिक विविधता प्रदेश की अमूल्य धरोहर है।

जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से इस विरासत को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही जनजातीय समुदायों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी जाएगी।

कौन थे भगवान बिरसा मुंडा?

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातू गांव में हुआ था। वे महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और आदिवासी समाज के जननायक थे। आदिवासी समाज उन्हें सम्मानपूर्वक ‘धरती आबा’ यानी धरती का पिता कहता है।

उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट कर संघर्ष का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदायों के पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने आंदोलन चलाया।

बिरसा मुंडा ने सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए आदिवासी समाज में नई चेतना और स्वाभिमान जगाया। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया, लेकिन उनका संघर्ष आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा है।

उनके योगदान को राष्ट्रीय सम्मान देते हुए केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

इस दौरान अरुणधर दीवान, जगन्नाथ पाणिग्राही, गोपाल अग्रवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *