छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रोजगार जानकारी के मॉडल से प्रभावित झारखंड टीम, युवाओं के लिए नई पत्रिका की तैयारी

रायपुर। युवाओं तक रोजगार से जुड़ी सटीक और उपयोगी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल देखने को मिली। झारखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की टीम ने छत्तीसगढ़ संवाद द्वारा प्रकाशित चर्चित साप्ताहिक पत्रिका ‘रोजगार और नियोजन’ का अध्ययन कर इसकी कार्यप्रणाली और सामग्री को करीब से समझा।

इस दौरान सहायक संपादक गीतांजली नेताम ने टीम को पत्रिका की संरचना, विषयवस्तु और युवाओं के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पत्रिका प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी नौकरियों, योजनाओं और करियर मार्गदर्शन से जुड़ी अहम जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराती है।

झारखंड से आए अधिकारियों ने इस प्रकाशन की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल युवाओं के लिए बेहद लाभकारी है। टीम में डिप्टी डायरेक्टर आनंद कुमार, प्रतिनिधि सुनीता धान और विधि सलाहकार अमन कुमार शामिल रहे।

अधिकारियों ने संकेत दिए कि झारखंड में भी इसी तरह की एक संगठित और भरोसेमंद रोजगार पत्रिका शुरू करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए ‘रोजगार और नियोजन’ की प्रति राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रस्तुत की जाएगी।

टीम का मानना है कि यदि यह पहल धरातल पर उतरती है, तो इससे झारखंड के हजारों युवाओं को रोजगार से जुड़ी समयबद्ध और सटीक जानकारी मिल सकेगी, जो उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान छत्तीसगढ़ संवाद के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button