Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

मुजफ्फरनगर : पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी नानू ढेर

मुजफ्फरनगर : अपराध तथा अपराधियों के खिलाफ अभियान में आज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुजफ्फरनगर में करीब डेढ़ घंटा की मुठभेड़ के बाद पुलिस ने 50 हजार के ईनामी रमेश नानू उर्फ ऋषिपाल को ढेर किया। पुरकाजी हाईवे पर फलौदा रजवाहे के पास सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में पुलिस ने सहारनपुर के देवबंद कोतवाली के जटौल गांव निवासी 50 हजार के इनामी रमेश को मार गिराया। मुठभेड़ में गोली लगने से पुरकाजी इंस्पेक्टर भी घायल हो गए। एसपी सिटी ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक फलौदा रजवाहे के बराबर से जा रहे थे।

आज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है

पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तभी कीचड़ में बाइक फिसलने से तीनों गिर गए। मौका पाकर दो फरार हो गए, जबकि एक ने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश को गोली लग गई। मुठभेड़ में पुरकाजी इंस्पेक्टर विजय सिंह भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस घायल बदमाश को पुरकाजी पीएचसी लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी, क्राइम ब्रांच, सीओ सदर, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड ने मौके पर जाकर घटना की जांच की। एसपी सिटी ओमबीर सिंह ने बताया कि मृतक बदमाश देवबंद के जटौल गांव निवासी 35 वर्षीय रमेश उर्फ नानू था। जिस पर 50 हजार का इनाम घोषित था।