Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

खालिदा जिया की गिरती सेहत पर पीएम मोदी की चिंता, BNP ने जताया आभार—बांग्लादेश में बढ़ी राजनीतिक हलचल

PM Modi expresses concern over Khaleda Zia's deteriorating health, BNP expresses gratitude—political turmoil in Bangladesh

बांग्लादेश की राजनीति के केंद्र में मंगलवार को एक भावनात्मक मोड़ देखने को मिला, जब बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री और BNP प्रमुख बेगम खालिदा जिया की लगातार बिगड़ती सेहत पर चिंता जताई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा था कि खालिदा जिया की खराब सेहत जानकर वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जिया ने कई वर्षों तक बांग्लादेश की सार्वजनिक जीवन में अहम योगदान दिया है। इसके साथ ही उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

मोदी के इस भावनात्मक संदेश का BNP ने खुले दिल से स्वागत किया। पार्टी ने कहा कि भारत की यह मानवता-भरी पहल और मदद की इच्छा बेहद सराहनीय है। विशेष रूप से उस पंक्ति की तारीफ की गई जिसमें पीएम मोदी ने खालिदा जिया के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।

इसके अलावा, पीएम मोदी ने यह भी आश्वासन दिया कि भारत हर संभव तरीके से मदद के लिए तैयार है। इस कदम ने केवल BNP ही नहीं, बल्कि पूरे बांग्लादेश में सकारात्मक प्रतिक्रिया पैदा की है, जो दोनों देशों के ऐतिहासिक और भावनात्मक रिश्तों को एक बार फिर उजागर करता है।

खालिदा जिया की सेहत में लगातार गिरावट

80 वर्षीय खालिदा जिया को सीने में गंभीर संक्रमण के कारण 23 नवंबर को ढाका के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। संक्रमण ने उनके दिल और फेफड़ों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। BNP नेताओं के अनुसार, पिछले दिनों में उनकी हालत और भी नाजुक हो गई है।

भर्ती होने के चार दिन बाद उन्हें CCU में शिफ्ट किया गया, जहां वेंटिलेशन सपोर्ट पर रखा गया है। देश-विदेश के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमें लगातार उनके इलाज की निगरानी कर रही हैं। बांग्लादेश में कुछ महीनों बाद चुनाव होने हैं, ऐसे में जिया की बिगड़ती सेहत पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका मानी जा रही है।