मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से बैशाखूपारा में दूर हुई पेयजल संकट की समस्या

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील नेतृत्व और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से जशपुर जिले के ग्राम पंचायत सेंदरीमुंडा के वार्ड क्रमांक 7 बैशाखूपारा में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हो गया है। हैंडपंप खनन के बाद अब ग्रामीणों को घर के पास ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा है, जिससे पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
बैशाखूपारा के लोगों को लंबे समय से पानी के लिए दूर-दराज के जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के मौसम में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
स्थायी समाधान की मांग को लेकर उमेश यादव, संतोष देहरी और अन्य ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित विभाग ने तुरंत कार्रवाई की और वार्ड में हैंडपंप खनन का कार्य पूरा कराया।
हैंडपंप से पानी निकलते ही ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अब परिवारों को स्वच्छ पेयजल के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शासन की जनहितैषी सोच और त्वरित कार्रवाई के कारण उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान संभव हो पाया। उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय को आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी माध्यम बताया।




