5-storey building collapses in Delhi; search intensifies for students trapped in debris; 1 dead, several rescued.

दिल्ली में 5 मंजिला इमारत ढही, मलबे में दबे छात्रों की तलाश तेज; 1 की मौत, कई लोगों का रेस्क्यू

राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित सत्य निकेतन इलाके में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शिव मंदिर के पास एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोगों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों का इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढही हुई इमारत में छात्रों का हॉस्टल संचालित होने की बात सामने आई है। आशंका है कि मलबे के नीचे कई छात्र और अन्य लोग फंसे हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने करीब 50 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

दिल्ली फायर ब्रिगेड को दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल, NDRF, दिल्ली पुलिस, DDMA, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 12 रेस्क्यू टीमें युद्धस्तर पर मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। अब तक कई छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि कुछ छात्रों के मलबे के अंदर से फोन करने की जानकारी भी सामने आई है।

हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर बगल की इमारत को भी खाली करा दिया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है और प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती मलबे में फंसे लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचकर उनकी जान बचाना है।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply