पीएम आवास योजना में बलौदाबाजार-भाटापारा का शानदार प्रदर्शन, पूरे छत्तीसगढ़ में बना नंबर वन जिला

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान प्राप्त किया है। ग्रामीणों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में जिले ने तेज़ी से काम करते हुए वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों को रिकॉर्ड समय में हासिल किया है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ के नेतृत्व में जिले में आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण तक उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है। वर्ष 2025-26 में कुल 26,843 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 24,313 हितग्राहियों को पहली किश्त जारी की जा चुकी है। वहीं 20,480 आवासों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और 15,120 मकान प्लिंथ स्तर तक पूर्ण हो चुके हैं।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिला प्लिंथ निर्माण के मामले में भी प्रदेश में अव्वल रहा है। अब तक 26,439 आवासों का एफटीओ किया जा चुका है, जबकि 139 मकान पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके हैं। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत भी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
जल संरक्षण के क्षेत्र में भी जिले ने मिसाल कायम की है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों में 15,260 रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण किया गया है, जिसके चलते जिले को देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि से हजारों ग्रामीण परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हुआ है। साथ ही निर्माण कार्यों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।




