इतिहास रचने की दहलीज पर सूर्या की सेना, क्या कीवियों का ‘वर्ल्ड कप चक्रव्यूह’ भेद पाएगा भारत?

आज 8 मार्च 2026 की तारीख भारतीय क्रिकेट इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों से दर्ज हो सकती है। अहमदाबाद के दुनिया के सबसे बड़े ‘नरेंद्र मोदी स्टेडियम’ में आज टी20 विश्व कप का महामुकाबला है। आमने-सामने हैं भारत और न्यूजीलैंड। एक तरफ है सूर्या की कप्तानी वाली टीम इंडिया जो इतिहास बदलने उतरी है, तो दूसरी तरफ है मिचेल सैंटनर की कीवी टीम जो अपने पहले टी20 खिताब की तलाश में है।
मैदान वही है, माहौल वही है, बस इस बार मिट्टी और मंजर बदलने की उम्मीद है। भारत और न्यूजीलैंड व्हाइट बॉल फॉर्मेट में लगातार दूसरी बार फाइनल में भिड़ रहे हैं। इससे पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने कीवियों को पटखनी दी थी। लेकिन आज चुनौती बड़ी है। आज तक कोई भी मेजबान देश अपनी धरती पर टी20 विश्व कप नहीं जीत सका है और न ही कोई टीम लगातार दो आईसीसी ट्रॉफी (चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड कप) पर कब्जा कर पाई है। सूर्यकुमार यादव के पास इन दोनों मिथकों को तोड़ने का सुनहरा मौका है।
आंकड़ों की जुबानी:
कुल टी20 मैच: 30 (भारत-18, न्यूजीलैंड-11)
भारत में भिड़ंत: 18 (भारत-11, न्यूजीलैंड-07)
वर्ल्ड कप में डर: टी20 विश्व कप में अब तक भारत और न्यूजीलैंड 3 बार भिड़े हैं और तीनों ही बार बाजी न्यूजीलैंड ने मारी है। टीम इंडिया का खाता खुलना अभी बाकी है। बात पिच की करें तो अहमदाबाद की यह पिच लाल और काली मिट्टी का मिश्रण है। राहत की बात यह है कि यह वो शुद्ध काली मिट्टी की पिच नहीं है, जिस पर भारत को 2023 वनडे वर्ल्ड कप में हार मिली थी। यहाँ रनों की बारिश होना तय है। आईपीएल के आंकड़े बताते हैं कि यहाँ लक्ष्य का पीछा करना आसान रहा है, लेकिन फाइनल के दबाव में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला निर्णायक हो सकता है।
भारतीय टीम में सूर्या के साथ ईशान किशन, हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे मैच विनर हैं, तो वहीं कीवी टीम में रचिन रविंद्र और मिचेल सैंटनर भारतीय स्पिन को चुनौती देने के लिए तैयार हैं। पूरा देश आज टीम इंडिया की जीत की दुआ कर रहा है। लेकिन आपको क्या लगता है क्या अहमदाबाद में आज ‘चक दे इंडिया’ गूंजेगा या कीवी टीम भारत का सपना तोड़ेगी? कमेंट सेक्शन में ज़रूर बताएं।




