छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बीजापुर में श्रमिकों का महाकुंभ, 150 नए श्रमिक हुए पंजीकृत, 280 को मिले लेबर कार्ड

बीजापुर में श्रम विभाग द्वारा सामुदायिक सांस्कृतिक भवन में विशाल श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 500 पंजीकृत और अपंजीकृत श्रमिकों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं श्रम विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन, नवीनीकरण, श्रमिक पहचान पत्र, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, प्रसूति सहायता, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, अटल उत्कृष्ट शिक्षा सहायता तथा औजार सहायता जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

सम्मेलन के दौरान 150 नए निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया गया, जिससे वे सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के पात्र बने। वहीं 280 श्रमिकों को श्रमिक पहचान (लेबर) कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने श्रमिकों से अपने पंजीयन को समय-समय पर अपडेट कराने और अन्य पात्र श्रमिकों को भी योजनाओं से जोड़ने की अपील की।

श्रम विभाग ने स्पष्ट किया कि विभाग का उद्देश्य केवल पंजीयन तक सीमित नहीं है, बल्कि हर जरूरतमंद श्रमिक को शासन की योजनाओं से जोड़कर उसके जीवन स्तर में सुधार लाना है। सम्मेलन के माध्यम से श्रमिकों को श्रम कानून, सामाजिक सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button