Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

राज्यपाल रमेन डेका का सोनपूरी ग्राम भ्रमण, जनसंवाद के माध्यम से सुनीं ग्रामीणों की बातें

Governor Ramen Deka visited Sonpuri village, listened to the villagers through public dialogue

रायपुर। खैरागढ़ प्रवास के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने अपने गोद लिए गांव सोनपूरी का दौरा किया और वहां जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

राज्यपाल ने सोनपूरी को मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने की मंशा जताई और इस दिशा में सभी विभागों को मिलकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हितग्राहियों से फीडबैक भी लिया।

जनसंवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए राजभवन की ओर से प्रत्येक को 5-5 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई। वहीं, श्मशान घाट के रखरखाव और बाउंड्रीवाल निर्माण की ग्रामीणों की मांग पर राजभवन से 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का आश्वासन भी दिया गया।

राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि गांव की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दी है। उनके अनुसार, छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बनते हैं।

इस अवसर पर राजभवन की उप सचिव निधि साहू, ग्राम सोनपूरी की सरपंच, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।