वेस्ट जोन बैडमिंटन फाइनल में दिखा दम, अरुण साव ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

बिलासपुर के तोरवा स्थित डायमंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। तेज स्मैश, बेहतरीन कोर्ट कवरेज और आखिरी अंक तक जारी रोमांचक संघर्ष ने मुकाबलों को बेहद दिलचस्प बना दिया।
उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अरुण साव ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के साथ ही अपने खेल को और बेहतर बनाने का अवसर देती हैं।
उन्होंने कहा कि कोर्ट पर खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण यह दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ में बैडमिंटन प्रतिभाएं लगातार उभर रही हैं। खिलाड़ियों को बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलने का अनुभव मिल रहा है, जो भविष्य की चुनौतियों के लिए उन्हें तैयार करेगा।
अरुण साव ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में जीत निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, लेकिन निरंतर अभ्यास, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन करने की ललक ही किसी खिलाड़ी को बड़ी सफलता तक पहुंचाती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखते हुए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया।




